Tuesday, 21 February 2012

कुछ आरोपों के कारण पूरी परीक्षा रद करना ठीक नहीं


नई दिल्ली, जासं : यह ठीक है कि एम्स पीजी प्रवेश परीक्षा में कुछ गड़बड़ियां सामने आई हैं, लेकिन इतने भर से देश भर में आयोजित की गई प्रवेश परीक्षा को रद करना ठीक नहीं है। अगर गड़बड़ी हुई है तो उसकी ठीक प्रकार से जांच होनी चाहिए। यह टिप्पणी करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट की न्यायमूर्ति हिमा कोहली की कोर्ट ने एम्स प्रवेश परीक्षा को रद करने की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया।
आठ जनवरी को देश भर के 156 केंद्रों पर एम्स पीजी प्रवेश परीक्षा संपन्न हुई थी, जिसमें नोएडा सहित कुछ जगहों पर पर्चा लीक होने की बात सामने आई थी। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है और आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी मामले को लेकर कुछ उम्मीदवारों ने प्रवेश परीक्षा को रद करने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। कोर्ट ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने भी जांच में कहीं नहीं पाया है कि एम्स पीजी की पूरी प्रवेश परीक्षा को ही रद कर देना चाहिए। देश भर में 69069 छात्रों ने प्रवेश परीक्षा दी थी।

No comments:

Post a Comment